लाहौर में नवाज शरीफ के साथ जारी है मोदी की बातचीत
(India)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आश्चर्यजनक रूप से पाकिस्तान की यात्रा पर आज लाहौर पहुंचे जहां वह अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ के साथ बैठक करेंगे। पिछले 11 वर्षों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली पाकिस्तान यात्रा है। लाहौर में अलामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर नवाज शरीफ ने गर्मजोशी के साथ गले लगाकर मोदी की आगवानी की। रूस की यात्रा के बाद काबुल में अपना दिन भर का सरकारी कार्यक्रम समाप्त करने के बाद दिल्ली लौटने से पहले मोदी का आश्चर्यजनक रूप से लाहौर में रूकने का कार्यक्रम बना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतीय वायु सेना के विशेष बोइंग 737 विमान से यहां स्थानीय समय के अनुसार चार बजकर 20 मिनट पर पहुंचे जहां उनका शानदार स्वागत किया गया। इसके बाद मोदी, शरीफ के साथ हेलीकाप्टर से लाहौर के बाहरी इलाके में स्थित उनके रायविंद महल स्थित आवास के लिए रवाना हो गए। भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने पीएम के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ बेहतर संबंध इस क्षेत्र के हित में है। हम अपने मसलों को भी लगातार उठाते रहेंगे। आपको बता दें कि पीएम मोदी अपने कार्यकाल में पहली बार पाकिस्तान में होंगे। हालांकि यह उनका तत्काल दौरा है। इसकी जानकारी पहले से नहीं थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।