उत्तर भारत में भूकंप के झटके
(India)
दिल्ली, जम्मू कश्मीर और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में रात मामूली तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में था। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान प्रभाग के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.5 आंकी गई और यह 186 किमी की गहराई पर आया। खबर के लिखे जाने तक कहीं से जान माल के किसी नुकसान की कोई खबर नहीं आई थी। भूकंप रात 12 बजकर 44 मिनट पर आया और राष्ट्रीय राजधानी में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कश्मीर के लोगों ने भी भूकंप महसूस किया और सुरक्षा की खातिर अपने घरों से बाहर चले गए। जम्मू कश्मीर में मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि राज्य में भूकंप के कारण कोई जानमाल का नुकसान हुआ है। हम अभी कह नहीं सकते कि क्या इस भूकंप से कोई नुकसान हुआ है। विस्तृत ब्यौरा मिलने पर ही हम कुछ कह पाएंगे। भूकंप आने के बाद लोग दहशत में आ गए और इमारतें गिरने की आशंका के चलते घरों से बाहर निकल आए। मोबाइल नेटवर्क भी जाम होने लगे क्योंकि लोग अपनों की खैर खबर पूछने लगे। यही हाल सोशल नेटवर्किंग साइटों का हुआ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।