केंद्र सरकार दलितों के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध-मोदी
(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दलित समुदाय के उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर उनके साथ है। उन्होंने वादा किया कि केंद्र सामाजिक सशक्तीकरण के जरिये दलितों को नौकरी मांगने वाले की बजाय नौकरी देने वाला बनाएगी। दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (डिक्की) की दसवीं वर्षगांठ पर मोदी ने कहा, दिल्ली में आपका एक दोस्त है और सरकार समाज के निचले तबके के हर शख्स की मजबूती के लिए काम कर रही है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के योगदान की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि वह न केवल संविधान के निर्माता थे, बल्कि एक विद्वान अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने सही कहा था कि औद्योगिकीकरण से सबसे अधिक लाभ हमारे दलित भाइयों और बहनों को होगा। हालांकि उन्होंने कहा कि यह खेदजनक है कि बाबासाहब ने ही रिजर्व बैंक का विचार रखा था, लेकिन दलितों को ही कर्ज मिलने पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने कहा कि पिछले वर्ष एससी-एसटी वर्ग के 1.5 लाख लोगों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि सिर पर मैला ढोने के काम से जुड़े 7500 लोगों को छोटा व्यवसाय खड़ा करने के लिए वित्तीय सहायता दी गई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।