प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करने के बाद वहां मौजूद विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 1857 के स्वाधीनता संग्राम के लिए मेरठ को याद किया जाता है। मेरठ ने ही भारत को गुलामी से मुक्ति का मार्ग दिखाया था। अब ये सुपरहाइवे प्रदूषण से मुक्ति का मार्ग दिखाएगा। मोदी ने कहा, गांव के लोग भी ये भलीभांति जानते हैं कि अगर विकास चाहिए तो गांव को सड़क से जोड़ना होगा। पक्की सड़क चाहिए। गांव के लोगों के इस सपने को पूरा करने के लिए अटल जी ने दो योजनाओं की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में वैश्विक स्तर पर भारत की तस्वीर बदलने के लिए स्वर्ण चतुर्भुज योजना शुरू की वहीं गांवों को विकास से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने क्या किया मैं इस पर नहीं बोलूंगा लेकिन अटल ने विकास की जिस सोच को दिखाया था उसे गति देने का काम ये सरकार कर रही है। ये योजना दिल्ली के चारों ओर 100 किमी परिधि में विकास को गति देने का काम करेगी। ये सिर्फ रास्ता नहीं बन रहा है ये विकास का राजमार्ग बनने जा रहा है। पश्चिमी यूपी के लिए ये योजनाएं बहुत बड़ी ताकत के रूप में उभरकर सामने आने वाली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ सभी को हर मौसम के हिसाब से राजमार्ग से जोड़ने की योजना तैयार की है। हमारे देश में मध्यम वर्ग और उच्च मध्यम वर्ग के परिवारों में वीकेंड के कार्यक्रम बनते हैं। वे दो दिन के लिए परिवार के साथ कहीं न कहीं जाते हैं। अगर उन्हें 150 किमी के दायरे में कहीं जाने का मौका मिल जाए तो सोचिए करोड़ों मध्यम वर्गीय नागरिकों के लिए कितना अच्छा मौका देगा ये राजमार्ग। ये योजना अन्य लोगों को रोजगार का माध्यम भी प्रदान करेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।