ऑड-ईवन फार्मूले के प्रयोग को मिल रही लोगों की प्रतिक्रिया से उत्साहित दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि आप सरकार की यह प्रायोगिक पहल अब आंदोलन में तब्दील हो गई है। केजरीवाल की यह टिप्पणियां राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के उददेश्य से आज सम-विषम योजना की शुरूआत के कुछ घंटे बाद आई। योजना के तहत आज केवल विषम नंबर की पंजीकरण पट्टिकाओं वाली कारें चल सकती हैं। कल का दिन सम नंबर की पंजीकरण पट्टिकाओं वाली कारों के लिए नियत होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरूआती खबरों के अनुसार, योजना सफल हो रही है और राष्ट्रीय राजधानी के लोगों ने खुले दिमाग से प्रतिबंधों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, मैंने बार बार कहा कि लोगों की भागीदारी से ही योजना सफल होगी, बलपूर्वक नहीं। यह आंदोलन बन गया है और अब तक मिली प्रतिक्रिया से हम उत्साहित हैं। केजरीवाल ने अपने आवास से बाहर संवाददाताओं से कहा दिल्ली पूरे देश के लिए रास्ता दिखाएगी। अपनी विषम नंबर की पंजीकरण पट्टिका वाली सरकारी कार से सचिवालय पहुंचे उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मुख्यमंत्री के कथन से सहमति जताते हुए कहा कि लोगों ने इस पहल को अपने खुद के मिशन के तौर पर अपनाया। सरकार उनकी केवल मदद कर रही है। इसलिए यह एक आदर्श स्थिति है। केजरीवाल अपनी कार में परिवहन मंत्री गोपाल राय और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को लेकर सचिवालय पहुंचे। ये तीनों उत्तर दिल्ली के सिविल लाइन्स इलाके में रहते हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।