पंजाब के पठानकोट एयरफोर्स बेस में सेना, एनएसजी और अन्य सुरक्षा एजेसियों के जवानों का संयुक्त सर्च ऑपरेशन जारी है। बेस के बाहर भी सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। एनआईए की टीम भी बेस के अंदर पहुंच गई है। सुरक्षाबल एयर फोर्स बेस के पूरे इलाके को स्कैन कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई आतंकी कहीं छिपा तो नहीं है। जब तक वे सुनिश्चित नहीं हो जाते हैं तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। इस बीच एनएसए अजित डोभाल ने पाकिस्तान के एनएसए नासिर खान जंजुआ से फोन पर बातचीत की है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरूप राहा और थल सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग के साथ पठानकोट वायुसेना स्टेशन का आज दौरा करेंगे जहां बीते शनिवार को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमला किया था। तीनों पाकिस्तान की सीमा से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित सामरिक अड्डे का दोपहर में दौरा करेंगे ताकि सुरक्षा बलों द्वारा छह आतंकवादियों को मार गिराए जाने के बाद वहां जमीनी हालात का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया जा सके। यह दौरा ऐसे समय पर होगा जब सरकार ने देश में सभी अहम रक्षा प्रतिष्ठानों में संभावित सुरक्षा खामियों का पता लगाने के लिए सुरक्षा परीक्षण का आदेश दिया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।