रोहित आत्महत्या मामला : 10 दलित शिक्षकों का इस्तीफा
(India)


दलित छात्र रोहित वेमुला के आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्रों के समर्थन में आगे आए दलित शिक्षकों ने गुरुवार को धमकी दी कि यदि चार अन्य छात्रों का निलंबन रद्द करने की छात्रों की अहम मांग पूरी नहीं की जाती है तो वे प्रशासनिक पदों से इस्तीफा दे देंगे। हालांकि समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, 10 दलित शिक्षकों ने प्रशासनिक पदों से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज हैदराबाद विश्वविद्यालय का दौरा करेंगे और वेमुला के परिजनों से मिलेंगे। अनुसूचित जाति शिक्षकों के फोरम ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए उसके कुछ सदस्य अपने प्रशासनिक पदों से इस्तीफा दे देंगे। फोरम के सदस्यों की मांग है कि उन चार छात्रों के निलंबन को रद्द किया जाए, जिन्हें एबीवीपी नेता पर हमला करने में कथित संलिप्तता के कारण रोहित वेमुला के साथ सजा दी गई थी। फोरम के एक सदस्य एस बाबू ने कहा, हमने हमारे उन सभी प्रशासनिक पदों को छोड़ने का निर्णय लिया है जो हमारे कुछ सहकर्मी संभाल रहे हैं, हम उम्मीद कर रहे हैं कि अधिकारी कोई निर्णय लेंगे, यदि ऐसा नहीं होता है तो हमें ऐसा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।