हैदराबाद विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद ने चार दलित शोधार्थियों का निलंबन वापस ले लिया है। इससे पहले आज हैदराबाद विश्वविद्यालय के आंदोलनरत छात्रों का समर्थन करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश के इस प्रतिष्ठित संस्थान के दलित छात्र की खुदकुशी को राष्ट्र के लिए शर्मनाक बताया और केंद्र पर जाति की राजनीति में शामिल होने के प्रयास का आरोप लगाया। आंदोलनरत छात्रों को संबोधित करते हुए आप नेता ने रोहित वेमुला की मौत और इसके बाद छात्रों के आंदोलन को लेकर मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री स्मृति ईरानी के कल के बयान पर कहा कि मंत्री को अपने बयान के लिए जरूर माफी मांगनी चाहिए। दलित छात्र की खुदकुशी को लेकर सभी राजनीतिक दलों के निशाने पर चल रहीं एचआरडी मंत्री ने कल कहा था कि इसे स्पष्ट तौर पर जातिगत मुददा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, रोहित एक बहुत मेधावी छात्र थे। वह दलित थे लेकिन वह आरक्षित कोटा से नहीं बल्कि अपनी प्रतिभा के बल पर आए थे। इस तरह का मेधावी छात्र जब आत्महत्या करता है तो मुझे लगता है कि यह पूरे देश और समाज के लिए शर्म की बात है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।