हैदराबाद यूनिवर्सिटी के दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के मामले को लेकर मचे घमासान के बीच शुक्रवार को लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी चुप्पी तोड़ी। रोहित का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि जब यह सूचना मिलती है कि हमारे देश के बेटे रोहित को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा तो दुख होता है। एक मां ने अपना लाल खोया है और इससे बड़ी कोई और बात नहीं हो सकती है। प्रधानमंत्री ने बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि जो एक बात देश के भविष्य के लिए अनिवार्य है, वह शिक्षा ही है। बाबासाहेब जिस एक बात के लिए पूरी तरह से समर्पित थे, वह शिक्षा ही थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में कठिनाइयों से मुक्ति का रास्ता है। बाबासाहेब के योगदान का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने इस देश को बहुत कुछ दिया है। प्रधानमंत्री ने छात्रों से जीवन में आगे देश के लिए समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया और कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों से ही नहीं आती। शिक्षित बनें, संगठित बनें और संघर्ष करने से पीछे नहीं हटें। सूचनाओं के अब कई शक्तिशाली स्रोत हो गए हैं। गूगल पर तो सारी जानकारी मिल जाती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।