फ्रांस से 36 राफेल एयरक्राफ्ट खरीदेगा भारत: मोदी
(India) गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को हैदराबाद हाउस में दो घंटे से अधिक देर तक द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के नेतृत्व में रफाल जेट विमान, अंतरिक्ष समेत 13 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। पीएम नरेंद्र मोदी ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि फ्रांस ऐसा पहला देश होगा, जिसकी एक सैन्य टुकड़ी कल राजपथ पर हमारे सैन्य टुकडि़यों के साथ कदम से कदम मिलाएगी।



उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि 36 राफेल जेट विमानों की डील लगभग पूरी हो गई है, कुछ फाइनेंसियल मामले हैं उनको भी सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए खतरा है। इसके खिलाफ विश्व की सभी महाशक्तियों को एकजुट होने की आवश्यकता है। पीएम ने कहा सीमा सुरक्षा से लेकर स्‍मार्ट सिटी तक, सोलर एनर्जी से लेकर परमाणु उर्जा तक और नमस्‍ते से लेकर बोंजोर तक हमने अपने संबंधों को मजबूत किया है। लोकोमोटिव से लेकर सेटेलाइट तक, पुरातात्विक खुदाई से लेकर स्‍मार्ट सिटी तक हमारे निर्णयों ने हर क्षेत्र को छुआ है।


वहीं फ्रांस के राष्‍ट्रपति ओलांद ने कहा कि राफेल फाइटर जेट डील इस बात की निशानी है कि ऐसे और भी कई क्षेत्र हैं जिनमें हम सहयोग कर रहे हैं। फ्रांस और भारत आतंकवाद की चेतावनी को समझते हैं क्‍योंकि दोनों ही देश हाल ही में इसके शिकार हुए हैं। संस्‍कृति से लेकर रक्षा मामलों तक दोनों देशों के समान विचार हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।