अफजल गुरु की तीसरी बरसी पर अलगाववादियों ने किया बंद का ऐलान
(India)
संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु की तीसरी बरसी पर मंगलवार को अलगाववादियों ने कश्मीर घाटी में बंद बुलाया, जिसे देखते हुए अधिकारियों ने श्रीनगर शहर के कई हिस्सों में प्रतिबंध लगा दिया। इस प्रतिबंध के चलते पूरी कश्मीर घाटी में जनजीवन प्रभावित है। श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य बड़े शहरों व नगरों में मंगलवार सुबह दुकानें, सार्वजनिक परिवहन एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सार्वजनिक वाहनों की उपलब्धता न होने की वजह से सरकारी कार्यालयों, बैंकों व डाक घर में लोगों की उपस्थिति बहुत कम रही। बारामूला और बनिहाल नगर के बीच ट्रेन सेवाएं भी स्थगित रहीं। श्रीनगर के जिला मजिस्ट्रेट फारूक अहमद लोन ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘श्रीनगर शहर के अंतर्गत आने वाले पुलिस थानों-रैनावाड़ी, नौहट्टा, एम.आर. गंज, सफाकदाल एवं क्रालखुद में प्रतिबंध कायम रहेगा।’’ कश्मीर घाटी में अलगाववादियों के पूर्व नियोजित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिसबल एवं अर्धसैनिक केंद्रीय रिजर्व पुलिसबल (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है। जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के अध्यक्ष मुहम्मद यासीन मलिक को नजरबंद रखा गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।