संसद के बजट सत्र को सुचारू रूप से चलाने पर विचार-विमर्श करने के लिए मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी के बुलाए गए सभी प्रमुख दलों के नेताओं की बैठक में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) विवाद का मुद्दा भी उठा। संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि सरकार संसद में विपक्ष द्वारा उठाये गए सभी मुद्दों पर चर्चा कराना सुनिश्चित करने के लिए आगे बढ़कर पहल करने को तैयार है। बैठक के बाद शिवसेना के आनंद अडसुल ने कहा कि संसद सत्र में जेएनयू समेत सभी मुद्दों पर चर्चा होगी, बजट सत्र को सुचारू रूप से चलाने पर दलों में सहमति बनी है। बैठक में सरकार ने कहा है कि जेएनयू में जिस तरह के नारे लगाये गए, वे अस्वीकार्य हैं, मामले की जांच की जा रही है। राष्ट्रीय जनता दल के प्रेम चंद्र गुप्ता ने बताया कि बैठक में शामिल दलों की यह राय है कि संसद का कामकाज सुचारू रूप से चलना चाहिए। बैठक में सभी दलों ने अलग-अलग मुद्दे उठाए। संसद के पिछले दोनों सत्रों में कई मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण कामकाज बाधित हुआ था और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) समेत कई अहम विधेयक पारित नहीं हो पाए थे। विपक्षी दल बजट सत्र में सरकार को कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की घोषणा कर चुके हैं। संसद का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।