पटियाला हाउस कोर्ट में पिटाई पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
(India)
देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार से पटियाला हाउस कोर्ट में बुधवार को भी कुछ वकीलों ने मारपीट की। सुप्रीम कोर्ट के सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देशों के बाद भी दिल्ली पुलिस हमला रोकने में नाकाम रही। इस मामले पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। न्यायालय ने बुधवार सुबह दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी को अदालत परिसर में पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे और दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल से भी वहां मौजूद रहने को कहा था। लेकिन यह सब काम नहीं आया। उपद्रवी वकीलों ने कन्हैया को लात-घूंसों से मारा। कन्हैया को पुलिस पेशी के लिए वाहन से अदालत लेकर आई थी। मेडिकल जांच में बाद में खुलासा हुआ कि कन्हैया को चेहरे और दोनों पांव में चोटें आई हैं। अदालत परिसर में हुई हिंसा के बाद वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल, इंदिरा जयसिंह और प्रशांत भूषण ने शीर्ष न्यायालय को बताया कि पटियाला हाउस में हालात काफी तनावपूर्ण है। वहां वकील एवं अन्य हिंसा पर उतारू हैं। इस पर तुरंत हरकत में आए सुप्रीम कोर्ट ने छह वकीलों की एक टीम को पटियाला हाउस जाकर हालात का जायजा लेने का आदेश दिया था। इस टीम में सिब्बल, राजीव धवन, दुष्यंत दवे, एडी एन राव, अजित के सिन्हा और हरेन रावल शामिल थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।