नौकरी में आरक्षण की मांग को लेकर हरियाणा में जाट हिंसक हो गए। इसके जवाब में जब पुलिस ने कार्रवाई की तो इसमें तीन की मौत हो गई जबकि दर्जनों घायल हो गए। इस घटना के बाद राज्य के 8 जिलों में सेना को तैनात कर दिया गया है। जबकि दो जिलों में कर्फ्यू लगाने के साथ देखते ही गोली मारने के आदेश भी दे दिए गए हैं। 21 में से 9 जिले आंदोलन से प्रभावित हैं। आंदोलन के हिंसक होने के कारण शनिवार को करीब 150 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। उत्तरी रेलवे के रोहतक, रेवाड़ी, भिवाड़ी और हिसार स्टेशनों से गुजरने वाली ट्रेनें ज्यादा प्रभावित हैं। उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ नीरज शर्मा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसा के कारण शुक्रवार को करीब 500 ट्रेनें प्रभावित हुई थीं। वहीं गुड़गांव में दौलताबाद फ्लाईओवर, बसई फ्लाईओवर, अतुल कटारिया चैक पर आंदोलनकारियों ने रास्ता जाम कर दिया है। यहां पिछले दो घंटे से लंबा जाम लगा है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को हरियाणा के हालात की समीक्षा की और जल्द से जल्द बिगडे हालात पर काबू पाने के लिए वरिष्ठ अफसरों को निर्देश जारी किए। बैठक में राज्य की बिगडी हुई कानून व्यवस्था पर तत्काल काबू पाने के साथ-साथ आरक्षण से जुडे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।