संसद के पिछले दो सत्र में कामकाज न होने से चिंतित राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी ने आगामी बजट सत्र को सफल बनाने के लिए शनिवार को एक बैठक बुलाई है। अंसारी ने इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित उच्च सदन में प्रतिनिधित्व वाले सभी दलों को चर्चा के लिए बुलाया है। संसद का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर तीन माह तक चलेगा। आपको बता दें कि राज्यसभा के सभापति के संसद सत्र से पहले औपचारिक रूप से बैठक बुलाने का यह संभवतः पहला मौका है। इसका उद्देश्य बजट सत्र को सुचारु ढंग से चलाना है। इससे पहले बुधवार को उप राष्ट्रपति राज्यसभा में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं से अनौपचारिक रूप से बातचीत कर चुके हैं। आपको बताते चलें कि ऊपरी सदन, यानी राज्यसभा में मोदी सरकार के पास बहुमत नहीं है, पिछले मानसून और शीत सत्र में विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा में कोई कामकाज नहीं हो सका था। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के चलते आर्थिक सुधार से संबंधित कई अहम विधेयक यहां रुके हुए हैं। विपक्ष के हंगामे से दुखी अंसारी पहले भी कई बार यह सुझाव दे चुके हैं कि सदन का कामकाज सामान्य करने के लिए संभव हो तो मौजूदा प्रावधानों को बदलने पर विचार किया जाना चाहिए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।