कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में सैन्य अधिकारी शहीद
(India)


कश्मीर में पाम्पोर के नजदीक एक बहुमंजिली इमारत में छिपे आतंकवादियों के सफाये के लिए रविवार सुबह सुरक्षा बलों की ओर से चलाए गए अभियान में एक सैन्य अधिकारी शहीद हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘सुरक्षा बलों ने रविवार सुबह उस इमारत पर छावा बोला, जहां आतंकवादी छिपे हुए हैं। इस दौरान 10 पारा रेजीमेंट के एक कप्तान शहीद हो गए।’’ उन्होंने बताया, ‘‘सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग को बंद कर दिया गया है।’’ इस बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के प्रवक्ता ने ऐसी खबरों से इनकार किया है, जिसके मुताबिक हमले में अब तक सीआरपीएफ के तीन जवानों की जान गई है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे दो जवानों की जान गई है। तीन जवानों को खोने से संबंधित खबरें गलत हैं।’’ उन्होंने बताया, ‘‘हालांकि सीआरपीएफ के घायल जवानों की संख्या बढ़कर 13 हो गई, क्योंकि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान तीन और जवान घायल हुए हैं।’’ सैन्य अधिकारी की शहादत के साथ ही इस मुठभेड़ में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इसमें एक नागरिक अब्दुल गनी मीर भी शामिल हैं, जो जम्मू एवं कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (जेकेईडीआई) के माली थे। मीर को शनिवार को गोलीबारी के दौरान गोली लगी थी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए थे। उल्लेखनीय है कि हथियारबंद आतंकवादियों ने शनिवार शाम एक बस पर हमला कर दिया था, जो श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ दस्ते का हिस्सा था। इस हमले में सीआरपीएफ के दो जवानों की जान चली गई, जबकि 10 घायल हो गए थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।