जाट आंदोलन के दौरान दस लोगों की मौत हो गई और करीब 150 लोग जख्मी हो गए। यह बात आज यहां हरियाणा के डीजीपी यशपाल सिंघल ने बताई और कहा कि उनकी प्राथमिकता दिल्ली के लिए जल आपूर्ति को बहाल करना और सड़क एवं रेल मार्ग को शुरू कराना है। उन्होंने कहा, हमारे पास उपलब्ध अब तक की सूचना के मुताबिक पूरे राज्य में दस लोगों की मौत हुई है और करीब 150 जख्मी हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक झज्जर में गोलीबारी में कल जख्मी हुए चार लोगों की देर रात मौत हो गई जिससे मरने वालों की संख्या दस हो गई है। मारे गए दस लोग झज्जर, रोहतक और कैथल जिले के हैं। डीजीपी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हरियाणा से दिल्ली को पानी की आपूर्ति बहाल करना है जो जाट आंदोलन के कारण प्रभावित हुआ है। जाट आंदोलन के कारण हरियाणा के मूनक नहर से दिल्ली को पानी की आपूर्ति बुरी तरह बाधित हुई है। डीजीपी ने कहा, हमारी पहली प्राथमिकता दिल्ली को अकबरपुर बरोटा प्वाइंट (सोनीपत में) से जल की आपूर्ति बहाल करना है। पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और हरियाणा के सिंचाई विभाग की तकनीकी टीम वहां पहुंच गई है और हम इसे तुरंत बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं ताकि दिल्ली वासियों को असुविधा नहीं हो। डीजीपी ने गह सचिव पी के दास के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।