रामशंकर कठेरिया के बयान पर संसद में हंगामा
(India)
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और मानव संसाधन राज्य मंत्री रामशंकर कठेरिया राज्य सभा में विपक्ष के निशाने पर हैं। संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के सदस्यों का हंगामा जारी है। विपक्षी सदस्य कठेरिया को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले राज्यसभा में मंगलवार को अन्नाद्रमुक सदस्यों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदम्बरम के पुत्र से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए भारी हंगामा किया जिसके कारण राज्यसभा की बैठक तीन बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की बैठक शारू होते ही अन्नाद्रमुक सदस्यों ने चिदंबरम के पुत्र का मुद्दा उठाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आसन के समक्ष आ गए। इन सदस्यों ने पर्चे और एक अंग्रेजी अखबार की प्रतियां भी लहराई। उप सभापति पी जे कुरियन ने अन्नाद्रमुक सदस्यों से सदन में पर्चे और अखबार न दिखाने और अपने स्थानों पर लौट जाने को कहा। इसी बीच बसपा प्रमुख मायावती और जदयू नेता के सी त्यागी ने कुछ कहना चाहा लेकिन हंगामे के कारण उनकी बात सुनाई नहीं दी। कुरियन ने कहा कि सदस्य इस बारे में अपनी मांग सरकार के समक्ष रखें। उन्होंने सदस्यों से अपने स्थानों पर लौट जाने और शून्यकाल चलने देने को कहा। हंगामा थमते न देख कुरियन ने 11 बज कर दस मिनट पर बैठक 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। एक बार के स्थगन के बाद बैठक जब 11 बज कर बीस मिनट पर दोबारा शुरू हुई, तो अन्नाद्रमुक सदस्य चिदंबरम के पुत्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए फिर आसन के समक्ष आ कर नारेबाजी करने लगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।