सहारनपुर नगर निगम ने हिना रब्बानी को बनाया मकान मालिक
(India)
सहारनपुर नगर निगम कर्मचारियों ने नगर निगम के कागजों में पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी और पाकिस्तान की ही चर्चित पत्रकार मेहर तरार के नाम सहारनपुर में मकान दर्ज हो गया। दोनों मकानों के असली मालिक के शिकायत करने पर मामला उजागर हुआ। तब मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने खुद दोनों मकानों का सत्यापन किया। इस सिलसिले में संग्रहकर्ताओं को निलंबित कर दिया गया है। नगरायुक्त ने कर अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिखा है। पूरे मामले पर जांच बैठा दी गई है। नगर निगम पिछले सात माह से शहर के मकानों का सर्वे करा रहा है। इसके तहत नागरिक अपने मकान का स्वयं मूल्यांकन करके कर विभाग में आवेदन जमा कर सकते हैं। चैधरी विहार स्थित एक मकान के किराएदार फैजान ने दो मकानों पर टैक्स लगाने के लिए आवेदन पत्र भरकर निगम में जमा कर दिया। एक आवेदन में पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार और दूसरे में पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार का नाम और फोटो लगाया। दोनों के पति के नाम बदल दिए गए। आवेदन प्राप्त होने के बाद दो कर संग्रहकर्ताओं ने आवेदन में दर्ज विवरण का आईडी से मिलान नहीं किया और आवेदन को सत्यापित कर दिया। अब हिना रब्बानी और मेहर तरार के नाम से हाउस टैक्स पहुंचने के बाद मकान मालिक रहीम खान ने नगर निगम में शिकायत की। तब मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डीएम कटियार ने मकानों का दोबारा सत्यापन किया। सत्यापन में दोनों के नाम का कोई पहचान पत्र नहीं मिला। इस मामले में कर संग्रहकर्ता आलोक कुमार और यशपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच अपर नगरायुक्त सच्चिदानंद सिंह को सौंप दी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।