यूपी में छोटे उपभोक्ताओं को मिलेंगे कम दर पर बिजली का कनेक्शन
(India)
उत्तर प्रदेश के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में छोटे उपभोक्ताओं को कम दर पर बिजली का कनेक्शन देने की तैयारी है। छोटे उपभोक्ताओं से कनेक्शन का चार्ज कम लिया जाएगा और इसके साथ ही कनेक्शन के लिए सिक्योरिटी राशि किस्तों पर जमा करने की सुविधा दी जा सकती है। विद्युत नियामक आयोग गुरुवार को विद्युत कनेक्शन संबंधी नए टैरिफ पर स्थिति साफ करेगा। पावर कार्पोरेशन इसके आधार पर उपभोक्ताओं से कनेक्शन चार्ज की वसूली करेगा। जानकारी के मुताबिक कनेक्शन चार्ज में छोटे उपभोक्ताओं के लिए मीटर की कीमत किस्तों पर अदा करने, कनेक्शन चार्ज कम करने, सिक्योरिटी दर, सिस्टम लोडिंग चार्ज की दरें कम करने की सुविधा देने का इरादा है। विद्युत नियामक आयोग के निर्देश के आधार पर घरेलू व व्यावसायिक कनेक्शन की नई दरें पावर कार्पोरेशन तय करता है। पावर कार्पोरेशन ने नई कनेक्शन दरों के संबंध में विद्युत नियामक आयोग को प्रारूप भेजा था। राज्य सरकार चाहती है कि छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को कम कीमत पर आसानी से बिजली के कनेक्शन मिले। इससे अवैध कनेक्शनों की संख्या में कमी आएगी और राजस्व में भी वृद्धि होगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।