छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चर्च में तोड़फोड़ व लोगों से मारपीट के मामले में पुलिस ने छह नाबालिग समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से घटना की रिपार्ट मांगी है। गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री रमन सिंह ने घटना की निंदा करते हुए दोषियांे पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जीपी सिंह ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है। वह किस संगठन से संबंधित है इसकी भी जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को कचना गांव में चर्च में तोड़फोड़ और लोगों के साथ मारपीट के बाद आरोपी भाग गए थे, लेकिन दो युवकों की मोटरसायकल वहां छूट गई थी। इसके आधार पर नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच के मुताबिक कचना क्षेत्र के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि कुछ लोगों ने गांव की जमीन को कब्जा कर प्रार्थना कक्ष बनाया है। रविवार को जब लोग प्रार्थना कर रहे थे तभी करीब 20 लोग वहां पहुंचे और फर्नीचर तोड़ दिए और वहां मौजूद लोगों से मारपीट भी की। छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के प्रमुख अरुण पन्नालाल ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने महिलाओं और छोटे बच्चों को भी निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि यह राज्य में बीते एक महीने में किसी ईसाई प्रार्थना स्थल पर चैथा हमला है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।