कानपुर के कल्याणपुर में ऑटो चालक की हत्या में आरोपी वकील को हथकड़ी लगाकर पेशी में लाने पर अधिवक्ताओं ने दरोगा को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। सिपाहियों के साथ भी हाथापाई की गई। पुलिस और वकीलों में संघर्ष की सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। स्पेशल रिस्पांस टीम भी तैनात कर दी गई। अफसरों ने आरोपी दरोगा पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। कल्याणपुर में दो दिन पहले हुई ऑटो चालक की हत्या में वकील सुनील शर्मा का नाम आने पर पुलिस मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार कर सीएमएम कोर्ट में पेश करने लाई। वकील के हाथ में हथकड़ी देख साथी अधिवक्ता भड़क गए। सिपाही से विरोध करने पर साथ में आए रावतपुर चैकी में तैनात दरोगा वी.पी. सिंह से वकील भिड़ गए। बात बढ़ने पर वकीलों ने सिपाहियों से हाथापाई करनी शुरू कर दी। सिपाहियों को तो वकीलों ने किनारे कर दिया। दरोगा को पीटने लगे। दरोगा बाहर की ओर भागा, तो रजिस्ट्री कार्यालय के गेट तक वकील उसको दौड़ाते हुए आए। रास्ते में कई बार दरोगा को पीटा गया। उसकी वर्दी, बिल्ले तक फट गए। गेट पर अफसरों को फोन करने पर वकीलों ने फिर से उसे घेर लिया। दरोगा किसी तरह जान बचाकर भागा। वकील और पुलिस के बीच संघर्ष की अफवाह फैलने से पुलिस सक्रिय हो गई। रागेंद्र स्वरूप ऑडिटोरियम में उस समय पुलिस अफसरों का कार्यक्रम चल रहा था। अफसरों ने तुरंत सीओ कर्नलगंज और आसपास के थानों की पुलिस को पहुंचने का आदेश दिया। सीओ कर्नलगंज विवेक त्रिपाठी, मूलगंज, कोतवाली समेत पुलिस मौके पर पहुंच गई। बार एसोसिएशन और लॉयर्स एसोसिएशन के कई पदाधिकारियों ने अफसरों और न्यायाधीश से बातचीत की। बार एसोसिएशन के महामंत्री संदीप सिंह ने बताया कि न्यायाधीश से भी हथकड़ी पहनाकर वकील को लाने के मामले को संज्ञान में लेने की प्रार्थना की गई है। एसएसपी ने दरोगा पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।