मानहानि मामले में केजरीवाल सहित 6 लोग तलब
(India)
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के पांच अन्य नेताओं को वित्त मंत्री अरूण जेटली द्वारा दायर आपराधिक मानहानि की शिकायत के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने आरोपी के तौर पर तलब किया और अदालत ने उनसे सात अप्रैल को उसके समक्ष उपस्थित होने को कहा है। केजरीवाल के अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सुमित दास ने कुमार विश्वास, आशुतोष, संजय सिंह, राघव चडढा और दीपक बाजपेयी को अदालत के समक्ष उपस्थित होने को कहा। अदालत ने आईपीसी की धारा 500 (आपराधिक मानहानि) और धारा 34 (समान आशय) के तहत कथित अपराधों के लिए उन्हें तलब किया है। आदेश सुनाने के दौरान न्यायाधीश ने कहा, मैं अरविंद केजरीवाल, कुमार विश्वास, आशुतोष, संजय सिंह, राघव चडढा और दीपक बाजपेयी को सात अप्रैल को तलब कर रहा हूं। जेटली ने केजरीवाल और आप नेताओं के खिलाफ दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) विवाद में कथित तौर पर उनकी मानहानि करने के लिए आपराधिक मानहानि की शिकायत दायर की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।