22 मार्च से शुरू होगी हेडली से जिरह
(India)
वर्ष 2008 मुंबई हमले के आरोपी अबू जुंदाल के वकील पाकिस्तान मूल के अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमेन हेडली से 22 मार्च से 25 मार्च तक जिरह करेंगे। विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने बताया, हमने अदालत को सूचित किया कि हेडली अमेरिका के एक अघोषित स्थल से वीडियो संपर्क के माध्यम से 22 मार्च से 25 मार्च तक पेश होगा। अदालत ने इसकी मंजूरी दे दी है। निकम ने यह भी कहा कि अगर जरूरत हुई तो अभियोजन पक्ष भी हेडली से पूछताछ करेगा। वादा माफ गवाह बने हेडली इसी साल फरवरी में वीडियो संपर्क के माध्यम से एक हफ्ता तक पेश हुआ था, जिसमें उसने भारत को निशाना बनाने में लश्कर ए तैयबा, आईएसआई और अल-कायदा की भूमिका और साजिशें उजागर की थी। न्यायाधीश जी ए सनप ने 22 फरवरी को निकम को निर्देश दिया था कि वह हेडली की दूसरे दौर की पेशी के लिए अमेरिकी प्रशासन से संपर्क और 25 फरवरी तक अदालत को सूचित करें, जिसके बाद उसके बयान के लिए तारीखें तय की जाएंगी। इसके बाद, जुंदाल के वकील अब्दुल वहाब खान ने हेडली को मुंबई आतंकवादी हमले में वादा माफ गवाह बनाने पर एतराज जताते हुए एक आवेदन दाखिल किया था। उन्होंने हेडली से जिरह के लिए चार दिन भी मांगे थे। हेडली की पेशी के अंतिम दिन अदालत ने भविष्य में किसी दिन जुंदाल के वकील के हाथों उसकी जिरह के लिए मामले को स्थगित कर दिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।