चालक दल के सदस्य आपस में भिड़े, उड़ान में देरी
(India)
दिल्ली से तिरूवनंतपुरम जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में चालक दल की एक महिला एवं एक पुरुष सदस्य के बीच लड़ाई होने के कारण गुरुवार को दो घंटे की देरी हुई। घटना को लेकर दोनों को निलंबित कर दिया गया है। उड़ान में कुछ सांसदों और नौकरशाहों सहित 158 यात्री सवार थे। घटना गुरुवार शाम हुई जब एयर इंडिया की उड़ान कोच्चि के लिए तैयार हो रही थी। विमान का अंतिम गंतव्य तिरूवनंतपुरम था। एयर इंडिया के प्रमुख और प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने कहा, हमने चालक दल के दोनों सदस्यों को उड़ान में देरी के लिए निलंबित कर दिया है। हम एयरलाइन में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि एयरलाइन यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताती है सूत्रों ने बताया कि चालक दल के एक कनिष्ठ पुरुष सदस्य और एक वरिष्ठ महिला सदस्य के बीच किसी व्यक्तिगत मुद्दे पर बहस हुई। मामला शांत करने के लिए कमांडर को हस्तक्षेप करना पड़ा। लेकिन स्थिति न संभलने पर परिचालन प्रभारी ने दोनों को विमान से उतार कर चालक दल में नए सदस्य तैनात किए। उड़ान बाद में रात करीब आठ बजे रवाना हुई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।