नक्सलियों से मुठभेड़ में बीएसएफ के दो जवान शहीद
(India)
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों के साथ शुक्रवार देर रात हुई मुठभेड़ में बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए और चार अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि माओवादी हिंसा से प्रभावित जिले के छोटेबेठिया-पखांजुर वन क्षेत्र के निकट सीमा सुरक्षा बल के एक गश्ती दल और सशस्त्र नक्सलियों के बीच संघर्ष हुआ। उन्होंने कहा, मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए और चार अन्य लोग घायल हो गए। कांकेर पुलिस उपनिरीक्षक (डीएसपी) जयंत वैष्णव ने फोन पर बताया कि बीएसएफ और जिला बल का एक संयुक्त दस्ता जिले के बांदे पुलिस थाना क्षेत्र के आंतरिक वनक्षेत्र में एक विशेष अभियान चला रहा था। उसी दौरान रात करीब ढाई बजे मुठभेड़ हुई। डीएसपी ने बताया कि बीएसएफ की 117वीं और 122वीं बटालियन के संयुक्त बल ने जिला बल के साथ मिलकर राज्य की राजधानी से करीब 300 किलोमीटर दूर स्थित पखांजुर क्षेत्र में बीएसएफ के छोटेबेठिया शिविर से नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। सुरक्षा बल जब बेचा गांव के घने जंगल में एक नदी के निकट पहुंचे तो नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान छह जवान घायल हो गए। वैष्णव ने बताया कि दो घायल जवानों ने विमान से रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया और चार अन्य घायलों को रायपुर के रामकष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहीद हुए जवानों की पहचान विजय कुमार और राकेश नेहरा के रूप में और घायलों की पहचान मनोज कुमार, एस थॉमसन, जगदीश के और बप्पा डी के रूप में की गई है। शहीद हुए दोनों जवान 2011-12 में बल में भर्ती किए थे। पुलिस के अनुसार, नक्सलियों ने आज एक दिवसीय बस्तर बंद आहूत किए जाने के तहत सुरक्षा बलों पर हमला किया। विभिन्न स्थानों पर चिपकाए गए पोस्टरों के अनुसार नक्सलियों ने कथित फर्जी मुठभेड़ और इलाके में जनजातीय लोगों के आत्मसमर्पण के विरोध में बंद का आह्वान किया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।