झारखंड के जंगल में चल रहा है अलकायदा का प्रशिक्षण कैंप
(India)


दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एक अदालत में दावा किया कि अलकायदा इन इंडियन सबकंटीनेंट (एक्यूआईएस) के संदिग्ध आतंकवादी मौलाना अब्दुल रहमान कासमी उर्फ कटकी ने झारखंड के जंगल में किसी स्थान पर प्रशिक्षण कैंप स्थापित कर रखा है। इसका पता लगाना जरूरी है, लिहाजा कटकी की जांच की अवधि बढ़ा दी जाए। कटकी से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली स्पेशल सेल ने पहले जमशेदपुर के मोहम्मद सामी को गिरफ्तार किया था और फिर धतकीडीह के जफर मसूद को पकड़ा था। सामी से ही मिली जानकारी के बाद मानगो आजादबस्ती के राजू उर्फ नसीम को गिरफ्तार किया गया था। सामी दिल्ली के तिहाड़ जेल में है जबकि मसूद और राजू दोनों जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद हैं। पुलिस की विशेष शाखा ने इस मामले की जंाच की अवधि 10 जून तक बढ़ाने की मांग करते हुए अपनी अर्जी में कहा कि झारखंड के जंगल में चल रहे आतंकी कैंप का पता लगाने का काम अंतिम चरण में है और टीमें अब तक प्राप्त सूचनाओं की पुष्टि के लिए विभिन्न सुरागों पर काम कर रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि झारखंड के चतरा निवासी अबू सुफियान ने गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद सामी के साथ पाकिस्तान में जाकर प्रशिक्षण लिया था। सामी तो भारत लौट आया और पकड़ा गया, लेकिन सुफियान की तलाश जारी है। उसने कहा कि मोबाइल फोनों की फोरेंसिक रिपोर्ट और उनके फेसबुक एकाउंट के ब्योरे का इंतजार है और 12 वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। अदालत ने विशेष शाखा की अर्जी मान ली और जांच अवधि 10 जून तक के लिए बढ़ा दी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।