प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार की दोपहर पटना आएंगे और विकास सेतुओं को बिहार की जनता को सौंपेंगे। लगभग चार घंटे के कार्यक्रम में पीएम सूबे की जनता को चार बड़ी सौगात देंगे। शनिवार को पीएम दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पटना हाईकोर्ट के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में करीब घंटेभर रहने के बाद वे गंगा नदी पर नवनिर्मित दीघा रेल पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही पाटलिपुत्र स्टेशन से लखनऊ के लिए नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम पटना एयरपोर्ट पर दोपहर 1.35 बजे पहुंचेंगे। वहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल रामनाथ कोविंद के अलावा कई राजनेता उनका स्वागत करेंगे। पौने दो बजे वे पटना हाईकोर्ट के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। हाईकोर्ट के स्थापना दिवस पर एक साल से चल रहे कार्यक्रमों के तहत शनिवार को समापन समारोह होगा। यहां बता दें कि शताब्दी समारोह का उद्घाटन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया था। पटना हाईकोर्ट में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री तीन बजे पटना एयरपोर्ट से हाजीपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां महात्मा गांधी सेतु गंगा ब्रिज थाना के पूरब छौंकिया में आयोजित समारोह में सूबे की जनता को तीन सेतुओं और पटना से लखनऊ तक नई ट्रेन की सौगात देंगे। हाजीपुर के छौंकिया तथा हाईकोर्ट में पीएम की यात्रा को लेकर प्रशासन ने चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था की है। पटना में पीएम के कारकेड का रिहर्सल भी हुआ। पूर्वाभ्यास एयरपोर्ट से हाईकोर्ट तक किया गया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।