हिमाचल प्रदेश में लापता पर्वतारोहियों का सुराग नहीं
(India)



हिमाचल प्रदेश में चंदरखानी शिखर की ओर जाते समय दो दिन पहले जो आठ पर्वतारोही लापता हो गए थे, उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उनकी तलाश के लिए शनिवार को एक हेलीकॉप्टर तैनात किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उस अधिकारी ने कहा, ‘‘एक बचाव दल को उनका पता लगाने के लिए भेजा गया था, लेकिन वहां बर्फबारी हो रही थी इस वजह से उनका पता नहीं चल पाया। उम्मीद है कि उनका पता लगाने में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को शामिल किया जाएगा।’’ इस बचाव अभियान की निगरानी कर रहे एक अधिकारी ने आईएएनएस को फोन पर बताया, ‘‘शनिवार की सुबह एक हेलीकॉप्टर को लगाया गया था लेकिन उस चोटी तक पहुंचने में नाकाम रहा, क्योंकि वहां कुछ स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था और लगातार बर्फबारी हो रही थी।’’ लापता पर्वतारोहियों में अधिकतर पंजाब के संगरूर शहर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र हैं। वे कुल्लू क्षेत्र में चंदरखानी चोटी पर चढ़ रहे थे। राज्य के राजस्व मंत्री कौल सिंह ने यहां कहा कि संबंधित उपायुक्त को एनडीआरएफ को बुलाकर बचाव अभियान चलाने के लिए कहा गया है। संभवतरू रविवार को एनडीआरएफ तैनात हो जाएगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।