गिरफ्तार छगन भुजबल की आज कोर्ट में पेशी
(India) महाराष्ट्र सदन घोटाले में गिरफ्तारी के बाद एनसीपी नेता छगन भुजबल को मंगलवार को मुंबई के पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा। उनकी पेशी को देखते हुए कोर्ट के बाहर सुरक्षा के व्यापक प्रबंधन किए गए हैं। भुजबल की गिरफ्तारी पर राज्य की राजनीति गरमा गई है। एनसीपी के नेताओं ने भुजबल की गिरफ्तारी को राजनीति षड्यंत्र बताया है। सूत्रों का कहना है कि सोमवार को कुछ जगहों पर हुए हंगामे को देखते हुए मंगलवार को जब भुजबल को कोर्ट में पेश किया जाएगा, उस समय भी उनके समर्थक बड़ी संख्या में जमा हो सकते हैं। गौरतलब है कि करोड़ों रुपये के महाराष्ट्र सदन घोटाले में राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तारी से पहले एनसीपी के दिग्गज नेता से करीब 10 घंटे पूछताछ की गई। इस मामले में उनके भतीजे व पूर्व सांसद समीर भुजबल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है जबकि बेटे पंकज भुजबल से भी पूछताछ हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें मंगलवार को ईडी की विशेष अदालत में पेशी के बाद पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। घोटाले के वक्त भुजबल महाराष्ट्र सरकार में लोकनिर्माण विभाग के मंत्री थे। उनसे पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि घोटाले की रकम कहां भेजी गई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।