दिल्ली में अब दुल्हे एवं बारातियों के रास्ते में नहीं आएंगे भारी वाहन
(India)
राजधानी दिल्ली में अब दुल्हे एवं बारातियों के रास्ते में भारी वाहन नहीं आएंगे। पुलिस आयुक्त आलोक वर्मा ने इस बाबत आदेश जारी किए हैं। उन्होंने यातायात पुलिस के सभी अधिकारियों को यह आदेश दिए हैं कि शादी वाले दिन रात 12 बजे से पहले दिल्ली में भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होनी चाहिए। इसके लिए बकायदा बड़े ट्रांसपोर्टरों को शादी के दिन की जानकारी पहले से उपलब्ध करा दी जाए। पुलिस आयुक्त ने अपने आदेश में कहा है कि राजधानी में आयोजित होने वाले शादी समारोह के दौरान सड़कों पर काफी जाम लगता है। प्रत्येक वर्ष शादी के 10 से 12 दिन ऐसे होते हैं जिनमें हजारों शादियां होती हैं। इन शादियों के दौरान जहां एक तरफ आम लोग जाम में फंस जाते हैं वहीं कई बार दुल्हे एवं बाराती भी जाम में फंसे रहते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने यातायात पुलिस को आदेश दिया है कि वह ऐसे दिनों को चिन्हित कर ले जब हजारों शादियां होनी हैं। इसकी जानकारी पहले ही ट्रांसपोर्टरों को दें और बताए कि उस दिन रात 12 बजे से पहले भारी वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं करेंगे। पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा है कि रात के समय एनएच-1 में काफी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं जिसकी वजह से वहां जाम लगता है। उन्होंने यातायात पुलिस को आदेश दिए कि वह सुनिश्चित करें कि रात के समय वहां कोई ट्रक खड़ा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि रात के समय राजधानी में आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश का समय एक घंटे बढ़ा दिया जाए। इसके आम दिनों में भी जाम की समस्या कम रहेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।