महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमला करने के उद्देश्य से हाल ही में गुजरात के रास्ते कथित रूप से भारत में घुसे 10 संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों में से तीन को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। शीर्ष आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इससे पहले कि आतंकवादी देश में कोई हमला कर पाते, गुजरात में ही उनमें से तीन को पिछले शुक्रवार को मार गिराया गया। सूत्रों ने बताया कि शेष सात आतंकवादियों के ठिकानों का भी पता चल गया है, और उनसे निपटने के लिए अभियान जारी है। सूत्रों ने कहा कि चूंकि अभियान अभी चल रहा है, सुरक्षा एजेंसियां इस संबंध में कोई जानकारी देने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि संदिग्ध पाकिस्तानी आंतकवादियों के इस समूह, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद समूह के उग्रवादियों के होने की आशंका है, ने महाशिवरात्रि, सात मार्च को गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर और अन्य स्थानों पर हमला करने की योजना बनाई थी। आतंकवादियों के घुसपैठ की सूचना मिलते ही केन्द्र ने एनएसजी की चार टीमें गुजरात रवाना कर दी थीं। उन्हें प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था। घुसपैठ की सूचना के साथ ही गुजरात और सभी मेट्रो शहरों में केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता की घोषणा की थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।