दिल्ली सरकार ने 525 निजी स्कूलों को चेतावनी देते हुए कहा है कि छात्रों के अभिभावकों से ली गई अतिरिक्त फीस वे 15 दिनों के अंदर उन्हें लौटा दें। दरअसल, न्यायमूर्ति अनिल देव सिंह की अध्यक्षता वाली एक समिति ने 525 स्कूलों की पहचान की है जो छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के नाम पर अभिभावकों से अतिरिक्त फीस ले रहे थे। हैरानी की बात यह है कि ऐसे स्कूलों ने वेतन आयोग की सिफारिशों का पालन नहीं किया। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद पिछले साल समिति का गठन किया गया था और समिति ने अब तक नौ अंतरिम रिपोर्ट दी हैं। आठवीं अंतरिम रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद शिक्षा निदेशालय ने 472 स्कूलों को 15 दिनों के अंदर राशि लौटाने को कहा था। हालांकि दिसंबर तक सिर्फ 43 स्कूलों ने आदेश का पालन किया था। शिक्षा निदेशालय ने एक बयान में कहा कि समिति ने अपनी नौंवी रिपोर्ट में 525 स्कूलों की पहचान की है जिन्हें वसूल की गई ज्यादा फीस लौटाना है। उन्हें 15 दिनों के अंदर इसका पालन करने और अनुपालन रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। समिति ने अब तक 1066 स्कूलों के बारे में सिफारिशें की हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।