घोड़े शक्तिमान को घायल करने वाला विधायक गिरफ्तार
(India)


उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में घायल घोड़े शक्तिमान के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मसूरी से विधायक गणेश जोशी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इधर, भाजपा ने इस मामले में सरकार पर विधायक की गिरफ्तारी की बजाय उनका ‘अपहरण’ करने का आरोप लगाया। मसूरी से भाजपा के विधायक को देहरादून में पटेल नगर स्थित वायसराय होटल से गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद मौके पर भाजपा के बड़े नेता जुटने लगे हैं। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने हरीश रावत सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार ने विधायक को आतंकवादियों की तरह उठाया है। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से विधायक को गिरफ्तार किया गया, उससे साबित हो गया कि राज्य में भय का वातावरण बना हुआ है। सरकार ने गणेश जोशी को इस तरह उठाया, जैसे वह आतंकवादी हों। सरकार ने इस पूरे मामले की जांच का इंतजार भी नहीं किया।’’ भट्ट ने कहा कि सरकार ने विधायक को गिरफ्तार नहीं किया है, बल्कि उनका अपहरण किया है। गौरतलब है कि अमेरिका और मुंबई से आई डाक्टरों की टीम की सलाह के बाद गुरुवार रात आठ बजे घायल घोड़े की टांग काटने का फैसला लिया गया। ऑपरेशन करीब 39 मिनट तक चला। इस दौरान घोड़े की टांग का एक फीट हिस्सा काट दिया गया। टांग की मरहम पप्ती करने के बाद फिलहाल अस्थायी सपोर्ट लगाया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।