देवांश की मौत मामले में नहीं होगी सीबीआई जांच
(India)

हाईकोर्ट ने शुक्रवार को वसंत कुंज स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल में पानी की टैंक में कथित तौर पर गिरने से छह वर्षीय छात्र देवांश की मौत की जांच सीबीआई को सौंपने से इनकार कर दिया। हाईकोर्ट ने दिल्ली की पुलिस की जांच पर संतुष्टि जाहिर करते हुए इसे सही दिशा में बताया है। हाईकोर्ट के इस आदेश से दिल्ली सरकार को झटका लगा है क्योंकि दिल्ली सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। जस्टिस सिद्धार्थ मृदुल के समक्ष इस बाबत दक्षिणी दिल्ली पुलिस उपायुक्त प्रेपनाथ स्वयं पेश होकर जांच की प्रगति के बारे में बताया। उन्होंने जांच को लेकर कुछ गोपनीय रिपोर्ट भी पेश किया। हाईकोर्ट में पुलिस उपायुक्त ने जांच को सही दिशा में बताते हुए स्कूल प्रबंधन और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने का आरोपों को आधारहीन बताया। उन्होंने कहा कि मामले में रेयान स्कूल के प्राचार्य सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग को लेकर मृतक छात्र देवांश के पिता की ओर से दाखिल याचिका के जवाब में दिया। हाईकोर्ट द्वारा मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने से इनकार के बाद याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी। हाईकोर्ट ने याचिका को वापस मानते हुए खारिज कर दिया है। देवांश के पिता ने अधिवक्ता अशोक अग्रवाल व आदित्य अग्रवाल के माध्यम से याचिका दाखिल कर मामले की जांच सीबीआई को सौंपने और लापरवाही से हुई मौत के बजाय हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।