कोहली के कमाल से भारत को मिली जीत
(India)


विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक की मदद से भारत ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए टी20 विश्व कप क्रिकेट के वर्षाबाधित मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर विश्व कप में उसके खिलाफ अश्वमेधी अभियान बरकरार रखा। प्रति टीम 18 ओवर के मैच में जीत के लिए 119 रन का लक्ष्य भारत ने 15.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। कोहली 37 गेंद में सात चैकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले मैच में न्यूजीलैंड से हारी भारतीय टीम की मौजूदा टूर्नामेंट में यह पहली जीत है। इससे पहले पाकिस्तान ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 118 रन बनाए थे। भारत के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था और टूर्नामेंट में बने रहने के लिए उसे हर हालत में जीतना था। आईसीसी विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर यह लगातार 11वीं जीत है और कोहली ने उसके खिलाफ लगातार तीसरा अर्धशतक बनाया है। ईडन गार्डंस पर भारत की पाकिस्तान पर यह पहली जीत है। कोहली ने एक बार फिर कठिन विकेट पर बेहतरीन पारी खेलकर दिखा दिया कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से क्यों है। युवराज सिंह (24) के साथ उन्होंने चैथे विकेट के लिए 61 रन जोड़े।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।