दिल्ली में यमुनापार के वजीराबाद इलाके में सोमवार दोपहर एक पक्षी को बचाने के चक्कर में सीवर टैंक में गिरे दो मजूदरों की मौत हो गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को टैंक से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए हैं। न्यू उस्मानपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर दी है। दरअसल इलाके में यह चर्चा है कि दोनों सीवर में गिरे एक पक्षी को बचाने के दौरान गिर गए थे, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय अनिल और 38 वर्षीय नसरुद्दीन के रूप में हुई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों की मौत सीवर में गिरने के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने की वजह से हुई या फिर सीवर के पानी में डूबने के कारण हुई। बहरहाल जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस के मुताबिक अनिल अपने परिजनों के साथ सोनिया विहार इलाके में पहला पुश्ता स्थित गली नंबर-6 में रहता था। उसके परिवार में मां शांति देवी और तीन भाई हैं। वहीं नसरुद्दीन अपने परिवार के साथ सोनिया विहार इलाके में पांचवा पुश्ता पर रहता था। दोनों वजीराबाद शमशामन घाट के पास लकड़ी तौलने का काम करते थे। अनिल दोपहर के वक्त सीवर टैंक के पास पक्षियों को दाना डालता था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।