चांदनी चैक मेट्रो स्टेशन पर बुधवार दोपहर अचानक एक महिला ने मेट्रो के सामने छलांग लगा दी। मेट्रो चालक ने ब्रेक लगाकर महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक महिला चपेट में आ चुकी थी। घायल अवस्था में अमरजीत कौर नामक इस महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे में महिला का एक पैर कट गया है। पुलिस घटना को लेकर छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार यह हादसा बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे हुआ। जहांगीरपुरी से हुड्डा सेंटर की तरफ जाने वाली मेट्रो चांदनी चैक स्टेशन पर आ रही थी। उसी दौरान प्लेटफार्म पर खड़ी 70 वर्षीय महिला ने मेट्रो के सामने छलांग लगा दी। चालक ने महिला को कूदते हुए देख लिया। इसलिए उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मेट्रो को रोकने का प्रयास किया। उसके इस प्रयास से महिला की जान तो बच गई, लेकिन उसका पैर मेट्रो की चपेट में आ गया। घटना का पता चलते ही सुरक्षाकर्मियों ने महिला को बाहर निकालकर उपचार के लिए अरुणा असफ अली अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर वहां से महिला को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।