अल्पसंख्यक मामलों और संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल मुस्लिम समुदाय के सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक सशक्तीकरण के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बात का पूरा भरोसा है कि केंद्रीय वक्फ परिषद, वक्फ परिसंपत्तियों को मुस्लिम समुदाय के विकास से जोड़ने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि नया वक्फ अधिनियम लागू होने के बावजूद कई राज्य अब तक वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल मुस्लिम समुदाय के सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक सशक्तीकरण के लिए नहीं कर पाए हैं। कई वक्फ संपत्तियों पर ‘वक्फ माफिया’ ने कब्जा कर रखा है। इस बात का अभियान चलाया जाना चाहिए कि वक्फ संपत्ति जिनके लिए है, उनके हित में ही उसका प्रयोग किया जाए। यहां शुरू हुई राज्य वक्फ बोर्डों के अध्यक्षों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के राष्ट्रीय सम्मेलन में नकवी ने यह बात कही। नकवी ने कहा कि वक्फ अधिनियम, 2013 को संशोधित किया गया है लेकिन उसमें अभी और सुधार करने की जरूरत है। राज्यों, आम जनता, शिक्षा संस्थानों और धार्मिक संस्थानों की सलाह से वक्फ अधिनियम में और सुधार करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। नकवी ने कहा कि नए वक्फ अधिनियम के बाद अब केंद्रीय वक्फ परिषद और राज्य वक्फ बोर्डों की जिम्मेदारी बढ़ गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।