कोलकाता हादसे में कंस्ट्रक्शन कंपनी के पांच कर्मचारी हिरासत में
(India)

कोलकाता में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ध्वस्त हुए हिस्से के मलबे से तीन और शव मिलने के बाद इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गयी है। सेना के अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें मलबे में कोई और शव मिलने की उम्मीद नहीं है। इस बीच पुलिस ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के पांच कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया है। कोलकाता फ्लाईओवर हादसे के सैंपल इकट्ठे करने के लिए दुर्घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम पहुंच गई है। सेना यहां निकाय अधिकारियों और एनडीआरएफ की टीमों के साथ राहत अभियान में लगी है। सैन्य अधिकारियों ने कहा, अब अभियान का लक्ष्य मलबे को हटाना और सड़क को साफ करना है ताकि स्थिति सामान्य की जा सके। अब कोई और शव मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रभावित इलाके से मलबे को हटाने के लिए सिविल डिफेंस, पुलिस और एनडीआरएफ के साथ सेना की बचाव टीमों ने पूरी रात अभियान चलाया। बंगाल क्षेत्र के जनरल ऑफिसर इन कमांड लेफ्टिनेंट जनरल राजीव तिवारी सेना की टीमों की प्रगति पर नजर रखे हुए हैं। उत्तरी कोलकाता में फ्लाईओवर गिरने वाली जगह पर चिकित्सा टीमों, सर्जनों और इंजीनियरों सहित सेना के लगभग 300 जवान मौजूद हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।