शराब व्यवसायी विजय माल्या मुंबई में ईडी जांचकर्ताओं के समक्ष शनिवार उपस्थित नहीं होंगे। उन्होंने एजेंसी के समक्ष बयान देने के लिये मई तक का समय मांगा है। ईडी 900 करोड़ रुपये के आईडीबीआई रिण धोखाधड़ी मामले में मनी लॉड्रिंग में उनकी भूमिका की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार ईडी के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय में मामले की जांच कर रहे अधिकारी को माल्या ने सूचित किया है कि वह निर्धारित दो अप्रैल की तारीख को पेश होने में असमर्थ हैं और उन्हें मई में कोई नई तिथि दें। ऐसा समझा जाता है कि माल्या ने जांच अधिकारी को सूचित किया है कि बैंक कर्ज से संबंधित मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में है और वह इस कर्ज को अपने कानूनी और कारपोरेट टीम की मदद से निपटान की कोशिश कर रहे हैं और इसीलिए उन्हें कुछ और समय चाहिए। ऐसा माना जा रहा है कि ईडी आगे की कार्रवाई के विकल्प पर विचार कर रहा है। जांच एजेंसी पीएमएलए (मनी लॉड्रिंग निरोधक कानून) मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके अनुरोध को स्वीकार करने को लेकर गंभीर नहीं है। अधिकारियों के अनुसार जांच अधिकारी ने अबतक माल्या को अपने निर्णय के बारे में नहीं बताया है। ईडी ने हाल में ही माल्या के खिलाफ सीबीआई की एफआईआर के आधार पर मनी लॉंडरिंग का केस दर्ज किया था। ईडी किंगफिशर एयरलाइन्स के फाइनेंशियल ढांचे की भी जांच कर रही है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।