कोलकाता के भीड़भाड़ वाले इलाके में गुरुवार को एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गिरने की घटना के एक दिन बाद शुक्रवार को हैदराबाद की कंस्ट्रक्शन कंपनी आईवीआरसीएल के तीन शीर्ष अधिकारियों को गिरफ्तार करके उन पर हत्या का आरोप लगाया गया है। इस हादसे में मरने वालों की संख्या 24 हो गई है। इससे पहले, दिन में कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि कुछ इंजीनियरों, प्रबंधकों और उपाध्यक्ष सहित फ्लाईओवर निर्माता कंपनी आईवीआरसीएल के 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सहायक महाप्रबंधक मल्लिकार्जुन, सहायक प्रबंधक देवज्योति मंजुमदार और स्ट्रक्चर प्रबंधक प्रदीप कुमार साहा को भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 307, और 120 बी तथा अन्य के तहत गिरफ्तार किया है। इन लोगों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि कंपनी के अन्य सातों अधिकारी हिरासत में हैं और आईवीआरसीएल के शीर्ष अधिकारियों से मिलने के लिए कोलकाता पुलिस का एक दल रवाना हो गया है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को कोलकाता महानगर विकास प्राधिकरण के दो इंजीनियर को निलंबित कर दिया। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने इस हादसे पर दुख जताया है और उन्होंने सोशल मीडिया पर हेल्प लाइन नंबर्स पोस्ट किए हैं। साथ ही लोगों से भी उन नंबर्स को शेयर करने की अपील की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।