दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन में सोमवार सुबह एक बार फिर तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते मेट्रो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी गड़बड़ा गई। लाइन में खराबी सुबह सवा आठ बजे के करीब आई। इसके कारण इंटरचेंज स्टेशनों पर भारी भीड़ हो गई। ब्लू लाइन मेट्रो की सर्वाधिक व्यस्त लाइन है। यह द्वारका से नोएडा और गाजियाबाद (वैशाली) को जोड़ती है। लाइन में पहले भी कई बार खराबी आ चुकी है। मेट्रो के मुताबिक तकनीकी खराबी के कारण ट्रेनें देर से चल रही हैं। इसके लिए हमें खेद है। ब्लू लाइन में खराबी आने से येलो लाइन के इंटरचेंज राजीव चैक पर भारी भीड़ हो गई। सुभाष चैक स्टेशन से राजीव चैक पहुंची पूजा जैन ने बताया कि उन्हें 30 मिनट बाद मेट्रो में प्रवेश मिल पाया। तकनीकी खराबी से बढ़ी भीड़ के चलते सर्वाधिक परेशानी महिलाओं को हुई। उन्हें दूसरे डिब्बों में प्रवेश नहीं मिल पाया। मेट्रो के एक अधिकारी के मुताबिक शुरुआती जांच में ट्रैक सर्किट में दिक्कत आने की बात सामने आई है। कुछ यात्रियों ने मेट्रो वॉयलेट लाइन पर भी ट्रेनों के देर से चलने की बात कही। यह लाइन फरीदाबाद से आईटीओ को जोड़ती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।