दिल्ली में संविदा कर्मियों को तीन माह से नहीं मिला वेतन
(India)


दिल्ली सरकार के अस्पताल में तैनात संविदा कर्मचारियों को बीते साल नंवबर महीने से वेतन नहीं मिला है। जबकि बजट सत्र होने के कारण हर महीने एक तारीख को मिलने वाला वेतन भी अब तक कर्मचारियों के खाते में नहीं पहुंचा है। दिल्ली नगर निगम सहित दिल्ली सरकार के अस्पताल के कर्मचारियों में दिल्ली सरकार को लेकर रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि संविदा कर्मचारियों को वेतन देने की जगह अस्पतालों की बेवज मरम्मत कराने में धन को खर्च किया जा रहा है। मालूम हो कि सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के विरोध में काम बंद करने वाली नर्सो के मार्च महीने के वेतन को भी रोक लिया गया है। दिल्ली सरकार के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में संविदा पर तैनात पैरामेडिकल कर्मचारियों का नवंबर से दिसंबर महीने का वेतन नहीं दिया गया है। संविदा कर्मचारियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से बात करने पर भी वेतन जारी नहीं किया गया। जीबी पंत कर्मचारी संघ के धारा सिंह ने बताया कि वेतन को लेकर इससे पहले कभी किसी तरह की समस्या नहीं रही, जबकि चिकित्सक सहित पैरा मेडिकल कर्मचारियों का वेतन बीते दो साल में कई बार रोका गया। संविदा पर तैनात कर्मचारियों का वेतन न मिलने पर कोर्ट में अपील भी दर्ज की गई। बाड़ा हिंदु राव नर्सिंग स्टाफ यूनियन की इंदू ने बताया कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी अप्रैल महीने का वेतन अब तक खाते में नहीं आया है, जबकि बीते 11 साल से संविदा पर काम कर रहीं 180 नर्सो को नये टेंडन में काम करने का मौका ही नहीं दिया गया। समय पर वेतन न मिलने के कारण दिल्ली सरकार चिकित्सक संघ भी बीते एक साल में तीन बार काम ठप कर चुके हैं। दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के प्रमुख डॉ. हरीश गुप्ता ने बताया कि वेतन की अनियमिताओं को लेकर चिकित्सक संघ एक साल में तीन बार विरोध कर चुके हैं। मालूम हो कि कम वेतन होने के साथ ही चिकित्सकों की संख्या कम होने के कारण चिकित्सक आठ से दस घंटे काम करते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।