मनचाहा विभाग नहीं मिलने से सज्जाद लोन नाराज
(India)
जम्मू एवं कश्मीर में पीडीपी और भाजपा के गठबंधन वाली सरकार के मंत्री सज्जाद लोन ने बुधवार को भाजपा आला कमान को अपना इस्तीफा भेज दिया। सूत्रों का कहना है कि वह जाहिर तौर पर उन्हें दिए गए विभाग से असंतुष्ट हैं। सज्जाद लोन से जुड़े सूत्रों ने यहां बताया, ‘‘हां, उन्होंने भाजपा आलाकमान को अपना त्यागपत्र भेज दिया है, ताकि इसे आगे मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को भेज दिया जाए।’’ अलगाववादी से मुख्यधारा के नेता बने सज्जाद वरिष्ठ अलगाववादी नेता अब्दुल गनी लोन के बेटे हैं, जिनकी 2002 में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। सज्जाद पीपुल्स कांफ्रेंस (पीसी) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने 2014 में कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और जीत पाई थी। चुनावों के बाद उन्होंने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की थी और मुफ्ती मोहम्मद सईद के नेतृत्व वाली सरकार में एक कैबिनेट मंत्री थे, यह सरकार 10 माह चली थी। सज्जाद से जुड़े करीबी सूत्रों ने कहा, ‘‘सज्जाद साहिब उन्हें दिए गए विभाग से संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें उन लोगों को जवाब देना होगा, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया है।’’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।