जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णोदेवी गुफा मंदिर के मार्ग में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से तीन श्रद्धालुओं समेत चार लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हो गए। श्री माता वैष्णोदेवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत साहू ने कहा कि भूस्खलन बाणगंगा-अर्द्धकुमारी मार्ग पर करीब आधी रात को हुआ और मलबा उस शरणस्थल पर गिरा जहां तीर्थयात्री बैठे थे। सीईओ ने कहा, पांच वर्षीय एक बच्चे समेत तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। सीईओ ने बताया कि पीड़ितों की पहचान बेंगलोर के 29 वर्षीय शशिधर कुमार, चंडीगढ़ निवासी 30 वर्षीय बिंदु साहनी और उनके पांच वर्षीय बेटे विशाल के रूप में हुई और एक अन्य व्यक्ति की पहचान रियासी के 32 वर्षीय सादिक के रूप में हुई है जो ट्टटूवाला था। रियासी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय राणा ने बताया कि हादसे में नौ लोग घायल भी हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनमें से सात को प्राथमिक उपचार दिया गया है और गंभीर रूप से घायल दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।