(UTTARANCHAL, UTTARANCHAL)
शुक्रवार को विष्णुप्रयाग के नजदीक हाथीपहाड़ में भूस्खलन से बद्रीनाथ हाईवे रूट ठप हो गया है। रात भर सैंकड़ों यात्री हाईवे पर फंसे रहे। भूस्खलन के बाद प्रशासन ने लोगों को रास्ते में ही रोक दिया है। पहले खबरें आ रही थी कि 15 हजार से ज्यादा यात्री फंसे हुए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने साफ कर दिया कि यात्री सुरक्षित हैं। स्थिति चिंताजनक नहीं है। हां यात्रा रुकी हुई है और 1800 यात्री इससे प्रभावित हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुटी है और दावा कर रही है कि आज शाम तक मार्ग खुल जाएगा। दोपहर तीन बजकर 23 मिनट पर हाथीपहाड़ में अचानक चट्टान टूट कर गिरने के बाद हाईवे का 50 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने का बंदोबस्त किया जा रहा है। उनके लिए खान-पान का पूरा इंतजाम है। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों मौसम खराब है और चमोली में हो रही लगातार बारिश ने बदरीनाथ के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश यात्रियों के लिए मुसीबत बन गयी है। जोशीमठ से बद्रीनाथ के बीच नेशनल हाईवे पहाड़ी दरकने से बंद हो गया है। लगभग 170 मीटर मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित हुआ है। सड़क खोलने के लिए युद्ध स्तर कार्य शुरु हो गया है। बीआरओ के कमांडर के मुताबिक मार्ग खुलने में दो दिन लग सकते हैं। जबकि जिला प्रशासन कल दोपहर दो बजे तक सड़क खुलवाने का दावा कर रहा है। उधर, इससे बद्रीनाथ की यात्रा रुक गई है। सैंकड़ों यात्री फंस गए हैं। चमोली के डीएम आशीष जोशी ने बताया कि गुरुवार रात को बद्रीनाथ क्षेत्र में बारिश हो रही थी। शुक्रवार को मौसम खुल गया। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे जोशीमठ से बदरीनाथ के बीच हाथी पहाड़ नाम जगह पर पहाड़ी दरकने लगी। देखते ही देखते मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर गिरने लगे। इससे बद्रीनाथ हाईवे बंद हो गया। सूचना पर पहुंची बीआरओ की टीम ने मार्ग खोलने का कार्य शुरू कर दिया है। इससे बदरीनाथ की यात्रा रुक गई है। डीएम के अनुसार बद्रीनाथ की यात्रा पर जा रहे और लौट रहे सैंकड़ों यात्री इससे प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि धाम से लौटने वाले यात्रियों को बद्रीनाथ और गोविंदघाट में ठहराया जा रहा है। जबकि बद्रीनाथ जा रहे यात्रियों को जोशीमठ में रोका गया है। यात्रियों को जोशीमठ गुरुद्वारे में भी रोका गया है। जिला अधिकारी ने बताया कि यात्रा बाधित हुई है पर कोई चिंता वाली बात नहीं है।
चारधाम यात्रियों के लिए उत्तराखंड सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। बदरीनाथ मार्ग से लेकर यात्रा मार्ग की स्थिति की अपडेट इन नंबरों पर ली जा सकती है।
हेल्पलाइन नंबर:-
{0135-2559898, 0135-2552626, 0135-2552627/1364 }
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।