राजस्थान में 3 बजे तक हुआ 49 निकायों में 69 प्रतिशत मतदान, 5 बजे तक होगा मतदान
(Jaipur, Jaipur) राजस्थान के 24 जिलों के 49 निकायों में शहरी सरकार के गठन के लिए मतदान जारी है। सुबह सात से शाम पांच बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। मतदान को लेकर आम से लेकर खास में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
इनमें पिछले दिनों नवगठित 6 नगर पालिका के लिए भी मतदान किया जा रहा है। दोपहर तीन बजे तक 69 प्रतिशत मतदान हुआ है। इन पदों के लिए 19 नवंबर को मतगणना कराई जाएगी। वहीं, अध्यक्ष का चुनाव 26 नवंबर व उपाध्यक्ष का 27 नवंबर को कराया जाएगा। प्रदेश में कुल 33 लाख 6 हजार 912 मतदाता अपने मताधिकारी का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें से 17 लाख पांच हजार एक पुरुष, 16 लाख एक हजार 864 महिलाएं और 47 अन्य मतदाता शामिल हैं।

मंत्रियों ने वोट देकर निभाई भागीदारी

बीकानेर में केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल अपनी पत्नी पाना देवी के साथ किशमीदेशर में वार्ड 5 के बूथ में अपना वोट डालने पहुंचे। राजस्थान सरकार में ऊर्जा मंत्री डॉ बुलाकीदास कल्ला ने भी मतदान किया। डॉ कल्ला अपनी पत्नी के साथ वार्ड 74 के महेश सदन स्थित मतदान केन्द्र में मतदान करने पहुंचे।
उदयपुर में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी अपनी पत्नी के साथ वोट डाला। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. ग‍िर‍िजा व्‍यास गुरु गोविंद सिंह स्कूल केंद्र पर मतदान करने पहुंची।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।