प्रमुख जापानी ऑटो कंपनी होंडा ने बुधवार को भारत में अपना पहला मल्टी परपज व्हीकल (एमपीवी) ‘मोबिलियो’ पेश कर दिया। इस मिडसाइज 7 सीटों वाले वाहन की राष्ट्रीय राजधानी में एक्स-शोरूम कीमत 6.49 लाख से 10.86 लाख रुपये के बीच है। कंपनी ने इस गाड़ी को पेट्रोल व डीजल दोनों वर्जनों में उतारा है। कंपनी ने इसके डीजल वर्जन की माइलेज 24.2 किलोमीटर प्रति लीटर होने का दावा किया है। होंडा की यह कार मारुति सुजुकी की एर्टिगा और जनरल मोटर्स की एन्जॉय को खासतौर पर टक्कर देगी। कंपनी ने मोबिलिटी को सात आकर्षक रंगों में उपलब्ध कराया है। कंपनी स्टाइल के दीवाने युवाओं के लिए मोबिलिटी का एक खास स्पोर्टो आरएस संस्करण भी पेश करेगी। इसकी डिलीवरी सितंबर, 2014 से शुरू हो जाएगी। इस मौके पर होंडा मोटर कंपनी के मैनेजिंग ऑफिसर योशियुकी मत्सुमोटो ने कहा कि कंपनी के लिए भारत प्रमुख रणनीतिक बाजार है। मोबिलियो इंडोनेशिया में पहले ही सफलता के झंडे गाड़ चुकी है। मोबिलियो को होंडा अमेज और नई होंडा सिटी की शानदार सफलता के बाद पेश किया गया है। फिलहाल थाइलैंड के प्लांट में बनने वाली इस गाड़ी को आगे चलकर कंपनी के ग्रेटर नोएडा स्थित प्लांट में तैयार किया जाएगा।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।
