विधानसभा उपचुनाव परिणामों में भाजपा को तगड़ा झटका
(Rajasthan, India) राजस्थान की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। विधानसभा चुनावों में बुरी तरह मात खाने वालीे कांग्रेस ने जोरदार वापसी करते हुए चार सीटों में से तीन सीटें भाजपा से जीत ली। भाजपा के खाते में केवल कोटा दक्षिण की सीट आई। उपचुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा सोचने पर मजबूर हो गई है आखिर क्यों जनता ने नौ महीने में ही उनसे भरोसा खो दिया। परिणामों में भाजपा के दिग्गज नेता और सीएम वसुंधरा राजे के करीबी डॉक्टर दिगंबर सिंह को भी हार का सामना करना पड़ा। वे विधानसभा चुनाव भी हार गए थे। उन्हें सूरजगढ़ सीट पर कांग्रेस के श्रवण कुमार ने 3 हजार 2 सौ 70 मतों से शिकस्त दी। 2013 विधानसभा चुनावों में भाजपा की संतोष अहलावत ने यहां से जीत दर्ज की थी। वैर सीट भी कांग्रेस ने भाजपा से छीन ली। कांग्रेस के भजनलाल जाटव ने भाजपा के गंगाराम को 25 हजार 1 सौ 8 वोट से हराया। पहले यहां से भाजपा के बहादुर सिंह कोली विजयी रहे थे। कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाली नसीराबाद सीट भी फिर से कांग्रेसमय हो गई है। कांग्रेस के रामनारायण गुर्जर ने भाजपा की सरिता गैना को 3 सौ 86 वोट से शिकस्त दी। हालांकि भाजपा के लिए सांत्वना की बात रही कि कोटा दक्षिण सीट बचाने में वो कामयाब रही। भाजपा प्रत्याशी संदीप शर्मा ने कांग्रेस के शिवकांत नंदवाना को 25 हजार 7 सौ 7 मतों से शिकस्त दी। ये सीट भाजपा का गढ़ रही है। कोटा सांसद ओम बिड़ला यहां से विधायक चुने जाते रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।